जामताड़ा/ Manish Baranwal अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला की अध्यक्षता परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने की. उन्होंने उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 18 दिसंबर को अल्पसंख्यक अधिकार दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदायों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनके कल्याण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है.

परियोजना निदेशक ने कहा कि मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध, पारसी, बांग्लाभाषी एवं उड़ियाभाषी समुदायों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार और अल्पसंख्यक आयोग प्रतिबद्ध है. उन्होंने आपसी सौहार्द और मिलजुल कर रहने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांगों पर जिला प्रशासन के स्तर से यथोचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया.
उन्होंने सरकार द्वारा अल्पसंख्यकों के हित में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. वहीं, कार्यशाला में मौजूद समुदाय के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार साझा किए.
इस अवसर पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला कल्याण अधिकारी, सिविल सर्जन डॉ. आनंद मोहन सोरेन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, श्रम अधीक्षक देव कुमार मिश्रा, जिला नियोजन पदाधिकारी प्रशांत टुडू, जिला मत्स्य पदाधिकारी रितु रंजन, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

