जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में अवैध खनन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. गुरुवार को खनन विभाग की टीम ने नारायणपुर और जामताड़ा थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया.

जांच के दौरान नारायणपुर थाना क्षेत्र के पांडेडीह मोड़ के समीप चार मोटरसाइकिलों से ले जाए जा रहे अवैध कोयले को जब्त कर लिया गया. इस संयुक्त कार्रवाई में खनन विभाग के साथ नारायणपुर थाना की पुलिस भी शामिल रही. टीम ने कुल 32 क्विंटल अवैध कोयला जब्त कर नारायणपुर थाना में आवेदन सौंप दिया है.

कार्रवाई के दौरान खनन विभाग की टीम को देखते ही कोयला ले जा रहे माफिया मौके से भाग निकले. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.

इधर जामताड़ा थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर अवैध बालू के साथ जब्त किया गया है. माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कोयला और बालू की अवैध ढुलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं जामताड़ा थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि इस मामले में कांड संख्या 25/26 दर्ज कर ली गई है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन मामले की जांच जारी है.

