जामताड़ा: मिहिजाम नगर परिषद चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं. प्रशासन ने दोनों मामलों में संज्ञान लेते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

पहला मामला अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला अध्यक्ष पद की प्रत्याशी प्रीति कुमारी से संबंधित बताया गया है. जांच के दौरान पाया गया कि उनके वाहन में निर्धारित चालक के स्थान पर कोई अन्य व्यक्ति वाहन चला रहा था. इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना गया.

जिला परिवहन पदाधिकारी की ओर से संबंधित मामले में 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी प्रत्याशियों को नियमों का सख्ती से पालन करना होगा.
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. वहीं प्रशासन ने आगे भी सघन जांच अभियान चलाने की बात कही है.

