जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नंबर गेट इलाके में दीपावली की रात जुआ और शराब के नशे में डूबे असामाजिक तत्वों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

जानकारी के अनुसार, कानगोई रामनगर तालाब निवासी 43 वर्षीय बिमल कुमार तांती दीपावली की रात रांची मोड़ से मेला देखकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक नंबर गेट के पास फुटपाथी दुकानों के पीछे अवैध शराब की भट्ठी के समीप कुछ लोग जुआ खेल रहे थे. बताया गया कि जुआ खेलने के दौरान उनके बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद वे सड़क पर आ गए.
बिमल ने उन्हें हटने के लिए कहा, जिस पर नशे में धुत जुआरियों ने लाठी-डंडों से उन पर बेरहमी से हमला कर दिया. हमले में बिमल का पैर फ्रैक्चर हो गया और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े. आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया.
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे और सहायक अवर निरीक्षक जहाँगीर असारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मुख्य आरोपी स्वपन बाउरी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तीन आरोपी — बुबाई बाउरी, विष्णु साव और बिरजु — अब भी फरार बताए जा रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी क्षेत्र में इसी वर्ष मार्च महीने में मिलावटी शराब पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है. उस समय महिलाओं ने आक्रोश में कई अवैध भट्ठियों को तोड़फोड़ कर नष्ट कर दिया था, लेकिन कुछ समय बाद यह अवैध कारोबार फिर से शुरू हो गया.
जानकारी के मुताबिक, जामताड़ा जिले के कई इलाकों नारायणपुर थाना क्षेत्र के सबनपुर, जमुनिया करमाटांड़ के हटिया बाजार, जामताड़ा के केंदबोना और मिहिजाम के आसपास के क्षेत्रों में खुलेआम जुआ और अवैध शराब का कारोबार फल- फूल रहा है. बताया जा रहा है कि यह पूरा खेल मिलीभगत के तहत संचालित हो रहा है, और यदि इसकी गहन जांच की जाए तो कई बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं.

