जामताड़ा/ Manish Baranwal “मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास” अभियान के तहत 02 फरवरी को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत स्तरीय मनरेगा दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम प्रातः 08:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रमिकों, पंचायत प्रतिनिधियों और मनरेगा कर्मियों ने भाग लिया.

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई. मनरेगा से संबंधित नारों के माध्यम से 100 दिनों के रोजगार की गारंटी, श्रमिकों के अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई. ग्राम पंचायत नारायणपुर स्थित अमृत सरोवर स्थल पर वृक्षारोपण कर जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया.
इसके बाद आयोजित ग्राम सभा में मनरेगा योजना के उद्देश्य, पारदर्शिता और जनभागीदारी के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई. श्रमिकों की सुविधा के लिए ई-केवाईसी शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मजदूरों का आधार सीडिंग और ई-केवाईसी सत्यापन किया गया. ई-केवाईसी पूर्ण करने वाले लाभुकों को जॉब कार्ड वितरित किए गए.
मनरेगा के तहत कार्य की मांग के लिए श्रमिकों से आवेदन प्राप्त किए गए और उन्हें 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध कराने के प्रावधान की जानकारी दी गई. महिला, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया. साथ ही जल संरक्षण, बागवानी, ग्रामीण संपर्क पथ और स्थानीय रोजगार सृजन से जुड़ी योजनाओं की मांग सूची तैयार की गई. कार्यक्रम के अंत में 100 दिन का कार्य पूरा करने वाले श्रमिकों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेट को सम्मानित किया गया. ग्राम पंचायत नारायणपुर के अमृत सरोवर में वृक्षारोपण एवं श्रमिकों का ई-केवाईसी कार्य बीपीओ करुणा मंडल द्वारा संपन्न कराया गया. पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन भी बीपीओ करुणा मंडल के नेतृत्व में किया गया.

