जामताड़ा/ Manish Baranwal नारायणपुर प्रखंड के करमदाहा में रविवार को स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने भव्य मार्केट कॉम्प्लेक्स का विधिवत शिलान्यास किया.

मंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी. इसमें लगभग 120 दुकानें होंगी, जिससे स्थानीय व्यापार को नई ताकत मिलेगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा और आम नागरिकों को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे.
डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि दुकान आवंटन में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी धर्मों एवं संप्रदायों के लोगों को समान अवसर मिलेगा. उन्होंने यह भी कहा कि यह परियोजना केवल मार्केट कॉम्प्लेक्स तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे एक भव्य और आधुनिक मॉल के रूप में विकसित किया जाएगा, जो क्षेत्र की पहचान बनेगा.
मंत्री ने अपने व्यक्तिगत अनुभव को साझा करते हुए बताया कि जब वह विधायक नहीं थे, तब भी वे दुखिया बाबा मंदिर आते और सेवा का अवसर मांगते थे. बाबा की कृपा से वह लगातार तीसरी बार विधायक और दूसरी बार मंत्री बने हैं. उन्होंने घोषणा की कि बाबा दुखिया मंदिर के लिए गेस्ट हाउस का निर्माण भी शीघ्र कराया जाएगा.
मंत्री ने कहा कि भाजपा ने कभी इस क्षेत्र और स्वास्थ्य विभाग के विकास पर ध्यान नहीं दिया, और वर्तमान में सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य विभाग को बदनाम करने की साजिश की जा रही है, लेकिन जनता सच्चाई जानती है. उन्होंने कहा, “मैं झुककर राजनीति नहीं करता, मैं सेवा की राजनीति करता हूं.” इस अवसर पर जिप अध्यक्षा राधारानी सोरेन, सलीम अंसारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.

