जामताड़ा/ मधुपुर: पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है. मंडल अंतर्गत स्टेशनों और रेलवे प्रतिष्ठानों में कचरा प्रबंधन एवं साफ- सफाई के इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़े पैमाने पर मजबूत किया गया है. इस कदम का उद्देश्य स्टेशन परिसरों को अधिक स्वच्छ, स्वास्थ्यपरक और यात्रियों के अनुकूल बनाना है.

मंडल प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्वच्छता मानकों को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर कुल 100 जोड़े स्टेनलेस स्टील डस्टबिन लगाए गए हैं. इनमें आसनसोल स्टेशन पर 82 जोड़े तथा दुर्गापुर स्टेशन पर 18 जोड़े डस्टबिन शामिल हैं. इन डस्टबिनों को प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और प्रवेश-निकास द्वार जैसे अधिक यात्री आवाजाही वाले स्थानों पर व्यवस्थित रूप से स्थापित किया गया है, ताकि कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी हो सके.
इसके साथ ही वैज्ञानिक कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए मंडल के विभिन्न स्टेशनों और यात्री सेवा क्षेत्रों में 550 रंग-कोडित हरे और नीले प्लास्टिक डस्टबिन भी उपलब्ध कराए गए हैं. इससे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने में सुविधा होगी और स्वच्छता अभियान को मजबूती मिलेगी.
आसनसोल मंडल ने भविष्य के लिए भी व्यापक योजना तैयार की है. वर्ष 2026 के दौरान NSG-2 से NSG-6 श्रेणी के स्टेशनों पर कुल 700 जोड़े स्टेनलेस स्टील डस्टबिन लगाए जाने की योजना है. यह व्यवस्था आसनसोल, दुर्गापुर, रानीगंज, पानागढ़, मानकर, देवघर, जसीडीह, चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर, सीतारामपुर, कुल्टी, कुमारधुबी, बराकर, बासुकीनाथ और दुमका सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर की जाएगी.
मंडल प्रशासन का कहना है कि इस पहल से स्टेशन परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और यात्रियों के अनुभव में उल्लेखनीय सुधार होगा. साथ ही यात्रियों में जिम्मेदार कचरा निपटान की आदत को भी प्रोत्साहन मिलेगा.
आसनसोल मंडल ने फ्रंटलाइन हाउसकीपिंग स्टाफ के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है, जिनके सतत प्रयासों से प्रतिदिन स्टेशनों और यात्री क्षेत्रों में स्वच्छता और हाइजीन बनाए रखी जाती है. मंडल प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि स्वच्छ स्टेशन और स्वच्छ रेल सेवा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए यात्री भी सक्रिय सहयोग करें.

