जामताड़ा/ Manish Barnwal जिले में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता एवं उसके सुचारु वितरण को सुनिश्चित करने के लिए रविवार को गोपनीय आवासीय कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में गैस एजेंसियों के संचालकों/ प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहूत किया गया. बैठक के क्रम में उपायुक्त ने जिले में एलपीजी सप्लाई चैन एवं डिपो, एलपीजी गैस भंडारण, ससमय लाभुकों को एलपीजी गैस की आपूर्ति, गैस वितरण व्यवस्था, ऑनलाइन गैस बुकिंग एवं प्रतीक्षा अवधि, गैस एजेंसी के पास मैनपावर एवं इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था के अलावा गैस के अवैध रूप से भण्डारण एवं कालाबाजारी की स्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक समीक्षा किया गया.


समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी एजेंसी संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर ऐसी सूचना मिलती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त ने सभी गैस एजेंसी के संचालकों को निर्धारित मूल्य पर उपभोक्ताओं के बीच गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया एवं कहा कि वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी रखें, साथ ही होम डिलीवरी की जो व्यवस्था है उसे भी सुचारू बनाए रखें.उन्होंने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की निर्बाध रूप से आपूर्ति सुनिश्चित करने साथ ही सोशल मीडिया में फैल रहे अफवाहों पर रोक लगाने हेतु जागरूकता हेतु प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया. वहीं उपायुक्त ने गैस के अवैध रूप से भंडारण एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए गैस एजेंसियों, संबंधित गोदामों आदि का औचक निरीक्षण करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया.
गैस एजेंसियों के संचालकों के द्वारा बताया गया कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है. वहीं इस क्रम में उपायुक्त ने कहा कि जिले के आवासीय विद्यालयों यथा कस्तूरब गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कल्याण विभाग संचालित आवासीय विद्यालय के अलावा अस्पतालों आदि स्थानों में नियमित रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को सुनिश्चित करें.वहीं इसके अलावा उन्होंने सभी संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी एजेंसी अपने गैस वेंडरों की सूची, मोबाइल नंबर, दर तालिका, स्टॉक आदि के साथ समेकित प्रतिवेदन जिला आपूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रशासनिक स्तर से जिले में रसोई गैस वितरण की समुचित निगरानी की जा सके. वहीं उपायुक्त द्वारा गैस उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी प्रदान करने हेतु आवश्यक प्रचार प्रसार कराने का निर्देश दिया गया.
मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, आईओसीएल धनबाद के नोडल के अलावा विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक/प्रतिनिधिगण सहित अन्य संबंधित उपस्थित
थे.

