जामताड़ा/ कुंडहित संवाददाता बंगाली समुदाय का लोकप्रिय सिझानो पर्व को लेकर शुक्रवार को स्थानीय बाजार से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्र तक काफी गहमागहमी रही. इस पर्व में मछली को विशेष महत्व दिया जाता है.

इस अवसर पर आवश्यक सब्जियों के साथ तालाब एवं विभिन्न अस्थायी स्टॉल में लोगों ने मछली की जमकर खरीदारी की. मुख्यालय सहित बनकाटी, पालाजोड़ी, नगरी, भागाहीड, बागडेहरी, अंबा और दर्जनों बंगाली बहुल गांवों में सिझानो पर्व को लेकर उत्साह देखा गया.
मछली के दाम ऊंचे रहने के बावजूद लोग खरीदारी में पीछे नहीं रहे. इस पर्व में मांग अधिक होने के कारण मछली दो से चार सौ रुपए प्रति किलो की दर से लोगों को खरीदनी पड़ी.
पारंपरिक मान्यता के अनुसार इस पर्व के दिन चूल्हे नहीं जलाए जाते हैं. यानी अग्निदेव की आराधना और चूल्हों को विश्राम देते हुए आवश्यक भोजन सामग्री एक दिन पहले ही तैयार की जाती है, जिसे सरस्वती पूजा के दूसरे दिन प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है.

