जामताड़ा/ कुंडहित संवाददाता: शुक्रवार को आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती समारोह को बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया. सामाजिक, राजनीतिक और छात्र संगठनों ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.


स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर देशभक्ति की अलख जगाई. इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जयंती को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. सुबह से ही देशभक्ति के गीत चारों ओर गूंज रहे थे और हर कोई बोस जयंती को लेकर उत्साहित था.
भेलूवा में ग्रामीणों ने भी धूमधाम से नेताजी की जयंती समारोह मनाया. सेवानिवृत्त शिक्षक अनंत लाल मंडल और अन्य गणमान्य लोगों ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया. मुख्यालय स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में प्रधानाध्यापक भजहरी मंडल के नेतृत्व में शिक्षक एवं छात्र- छात्राओं ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. तत्पश्चात बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए.
हटिया परिसर स्थित नेताजी की आदमकद प्रतिमा पर समाजसेवियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए. भेलूवा में उपस्थित प्रमुख लोगों में अनंत लाल मंडल, नंदलाल माजी, निखिल माजी, स्वपन कुमार राय, मथुर चंद्र मंडल, विजय माजी, चंडी चरण मंडल. मॉडर्न पब्लिक स्कूल में उपस्थित थे: भजहरी मंडल, जाकिर अंसारी, सुधीर सेन, सुबोध कर, शिखा चौधरी, गोपीनाथ मंडल, समीर किशोर पाल, धनंजय मंडल आदि शामिल थे.

