जामताड़ा: “रेल टेका- डहर छेका” आंदोलन के तहत शनिवार को कुड़मी समाज ने शाकिपत्थर (बेवा) फाटक पर जबरदस्त प्रदर्शन किया. सैकड़ों की संख्या में पहुंचे समाज के लोगों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग दोहराई. इस आंदोलन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष मंतोष कुमार महतो कर रहे थे. उन्होंने कहा कि झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित कई राज्यों में एक साथ रेल जाम कार्यक्रम चलाया जा रहा है.

मंतोष महतो ने कहा कि 6 सितंबर 1950 से पहले कुड़मी समाज एसटी सूची में था, लेकिन बाद में इसे हटा दिया गया. तब से यह अधिकार पाने के लिए लगातार प्रयास जारी है. उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में देशभर में 1000 से अधिक स्थानों पर रेल रोको आंदोलन किया जाएगा.
शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे से शाकिपत्थर रेलवे ट्रैक पर रेल परिचालन बाधित करने का प्रयास किया गया. हालांकि प्रशासन ने समन्वय कर एक मालगाड़ी, जनशताब्दी एक्सप्रेस और कई पैसेंजर ट्रेनों को सुरक्षित पार कराया. मौके पर एसडीओ अनंत कुमार, सीडीपीओ विकास आनंद, डीसीपी चंद्रशेखर, थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे और अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
प्रदर्शन के बीच पुलिस ने जिला अध्यक्ष मंतोष महतो को हटाने की कोशिश की जिससे हल्की झड़प हुई. पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण रखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया. लगभग 6 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के अंत में कुड़मी समाज की ओर से सीडीपीओ को मांग पत्र सौंपा गया. फाटक खाली करते समय पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की हाथापाई हुई, जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार किया गया.
एसडीओ अनंत कुमार ने बताया कि हावड़ा- नई दिल्ली रेलखंड पर 23 ट्रेनों का डायवर्जन किया गया था. आंदोलन की पूर्व सूचना मिलने पर सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों और फाटकों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी. ट्रेन रोकने की कोशिश करने वाले 15-20 लोगों को अस्थायी जेल में हिरासत में रखा गया है.

कुर्मी नेता मनोज कुमार महतो ने कहा कि यह 75 वर्षों से लंबित मांग है. अब समाज खनिज और परिवहन पर भी प्रतिबंध लगाने जैसे सख्त कदम उठा सकता है. समाज के अरुण महतो ने कहा कि झारखंड राज्य निर्माण में योगदान देने वाला कुर्मी समाज आज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
