जामताड़ा: नाला विधानसभा क्षेत्र के मां मालांचा नेचर पार्क के समीप बुधवार को जिला स्तरीय किसान मेला सह उद्यान प्रदर्शनी 2025 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन नाला विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया. मौके पर उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता, जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

उपायुक्त ने विधानसभा अध्यक्ष को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. मेले में फसल सुरक्षा मिशन, उद्यान विभाग, आत्मा, आईएफएफसीओ, जेएसएलपीएस, जैविक खेती, पशुपालन और समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सहित विभिन्न स्टॉल लगाए गए. 33.7 किलोग्राम का कोहड़ा, 30 किलोग्राम का ओल और विशाल मूली प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण रहे. अधिकारियों ने बताया कि नाला क्षेत्र काजू और लाल केले की खेती के लिए अत्यंत अनुकूल है.

पुलिस अधीक्षक ने नेचर पार्क की सुरक्षा के लिए अफजलपुर टीओपी पुलिस की तैनाती की जानकारी दी और किसानों से ऋण प्रक्रिया सरल बनाने का आग्रह किया. उपायुक्त ने कहा कि हाल ही में नाला में बने कोल्ड स्टोरेज से किसानों को बेहतर मूल्य मिल सकेंगे.
मुख्य अतिथि रवींद्रनाथ महतो ने हिंगला नदी के जल से माइक्रो लिफ्ट प्रोजेक्ट विकसित कर किसानों को लाभ पहुंचाने पर बल दिया. उन्होंने नेचर पार्क में लगाए गए 25 प्रजातियों के गुलाब को पर्यटन बढ़ावा की दिशा में महत्वपूर्ण बताया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और आधुनिक कृषि तकनीक व उद्यान विकास की जानकारी प्राप्त की.

