जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कोरों रोड स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को अपाची और ग्लैमर मोटरसाइकिल के बीच आमने- सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में ग्लैमर बाइक चालक नसरुद्दीन अंसारी, ग्राम बरमसिया निवासी, गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आवाज के साथ हुई भिड़ंत में नसरुद्दीन के माथे, कान और नाक पर गंभीर चोटें आईं और लगातार रक्तस्राव शुरू हो गया.
स्थानीय लोगों ने तुरंत करमाटांड़ थाना को सूचना दी. जानकारी मिलते ही थाना के एसआई धनंजय मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से घायल नसरुद्दीन को प्राथमिक उपचार हेतु तुरंत सदर अस्पताल जामताड़ा भेजा गया.
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

