जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के करमाटाड़ प्रखंड परिसर में गुरुवार को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के तत्वावधान में प्रखंड स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. मेले में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से लगभग 300 किसानों ने भाग लिया और आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की.

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी चोनाराम हेंब्रम ने कहा कि कृषि मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर आधुनिक और वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़ना है, ताकि उत्पादन बढ़े और आय के नए स्रोत विकसित हो सकें.
जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार ने उन्नत बीज चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी. वहीं जिला उद्यान पदाधिकारी ने प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और बागवानी की नई तकनीकों पर प्रकाश डाला.
मेले में विभिन्न विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा लगाए गए कृषि स्टॉल में उपलब्धियों और योजनाओं का प्रदर्शन किया गया, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष रूप से तकनीकों को देखने और समझने का अवसर मिला. आत्मा के उप परियोजना निदेशक संजय कुमार सिंह ने आत्मा द्वारा संचालित योजनाओं, डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य और कृषि समृद्धि योजना के अंतर्गत चलंत सोलर इकाई के लाभों की जानकारी दी.
कृषि मेले में किसानों द्वारा लाए गए उत्कृष्ट फसल उत्पादों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. कार्यक्रम का मंच संचालन प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी रणजीत दास ने किया.
इस अवसर पर आत्मा के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक विजय कुमार, प्रखंड प्रमुख छोटेलाल कॉल, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र मंडल, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, समाजसेवी इमरान शेख सहित कई जनप्रतिनिधि, कृषि निरीक्षक, किसान मित्र और तकनीकी प्रबंधक उपस्थित रहे.

