जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के करमाटांड़ प्रखंड मुख्यालय में जन वितरण प्रणाली को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नवनियुक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतु कुमार यादव ने मंगलवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया. उन्होंने निवर्तमान प्रभारी पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी चोनाराम हेंब्रम से प्रभार लिया.

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद संतु कुमार यादव ने प्रखंड के सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदारों यानी डीलरों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक अनाज पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है.
उन्होंने डीलरों को निर्देश दिया कि सभी दुकानदार नियमानुसार तय समय पर अपनी दुकानें खोलें और लाभुकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में अनाज का वितरण करें, ताकि किसी को परेशानी न हो.
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए. अनाज की मात्रा और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इस मौके पर अंचलाधिकारी चोनाराम हेंब्रम ने नए पदाधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में प्रखंड की आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी. कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कार्यालय के कई कर्मी और स्थानीय लोग भी मौजूद थे.

