जामताड़ा/Manish Burnwal गुरुवार को उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. उपायुक्त ने जिले में नए पर्यटक स्थलों को अधिसूचित करने, पहले से अधिसूचित स्थलों एवं ट्रैकिंग रूट से संबंधित भूमि प्रतिवेदन उपलब्ध कराने, पर्यटक स्थलों के रख-रखाव व साफ-सफाई जैसे मुद्दों पर अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली.

बैठक में सर्वसम्मति से नारायणपुर प्रखंड में हर वर्ष जनवरी माह में आयोजित होने वाले 15 दिवसीय करमदहा मेला और जामताड़ा सदर प्रखंड में आयोजित माँ चंचला महोत्सव को राजकीय मेला/महोत्सव का दर्जा दिलाने हेतु विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया.
उपायुक्त ने श्रेणी ‘बी’ के पर्यटक स्थल लादना डैम के संपूर्ण पर्यटकीय विकास की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि विभागीय आवंटन के अनुसार आगे की कार्यवाही की जाए। साथ ही डैम स्थित पार्क के बेहतर संचालन और रख-रखाव हेतु आउटसोर्सिंग के माध्यम से एजेंसी चयन, पार्क में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अन्य विकासात्मक बिंदुओं पर आवश्यक कदम उठाए जाएँ.
अधिसूचित पर्यटक स्थलों एवं ट्रैकिंग रूट से संबंधित भूमि प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों को पुनः पत्राचार करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की कर्मस्थली के पर्यटकीय विकास, नाला प्रखंड के देवेलेश्वर धाम मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास हेतु प्राक्कलन तैयार करने, मां चंचला चौक के सौंदर्यीकरण और पर्वत विहार पार्क के विकास जैसे विषयों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
इसके अलावा मालंचा पहाड़ स्थित पर्यटन स्थल पर पिकनिक आयोजन एवं प्रचार-प्रसार हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया गया. बैठक में जिला परिषद अध्यक्षा राधारानी सोरेन, विधायक प्रतिनिधि नाला परेश यादव, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल अरुण कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
