जामताड़ा/ Manish Baranwal मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय जेवीसी प्लस टू में नव वर्ष के अवसर पर शिक्षकों के साथ प्राचार्य कक्ष में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एबी माइल टुडू ने की.

इस अवसर पर प्राचार्य एबी माइल टुडू ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 11 में 240 सीटों के विरुद्ध 137 छात्रों ने नामांकन कराया, जबकि कक्षा 6 में 80 रिक्त सीटों में से 77 छात्रों ने नामांकन करवाया. प्रभारी प्राचार्य ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शत- प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को टोली बनाकर विद्यालय के पोषक क्षेत्र में प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया. साथ ही कक्षा 10 और 12 के छात्रों के बेहतर परिणाम के लिए अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शिक्षक आपस में राशि इकट्ठा कर साधारण तरीके से सरस्वती पूजा का आयोजन करेंगे. आगामी सत्र से विद्यालय में एनसीसी और स्काउट-गाइड कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा.
इसके अतिरिक्त, आगामी 26 जनवरी को गांधी मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में विद्यालय द्वारा झांकी प्रस्तुत करने हेतु शिक्षा विभाग के बड़े पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में प्रभारी प्राचार्य एबी माइल टुडू के अलावा शिक्षक उमेश चंद्र मिश्र, विद्यानंद तिवारी, जैनउल अंसारी, नसीम अख्तर, नेपाल चंद्र दत्त, दिवाकर मंडल, दीपा सिंहा और रजनीश कुमार झा सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे.

