जामताड़ा: शहर के गांधी मैदान में रविवार को जिले के पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का उद्देश्य जामताड़ा जिला प्रेस क्लब के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा और रूपरेखा तैयार करना था. बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार शिरोमणि यादव ने की. बैठक में जामताड़ा जिले के सभी प्रखंडों करमाटांड़, नाला, फतेहपुर, कुण्डहित, नारायणपुर सहित अन्य क्षेत्रों से दर्जनों पत्रकार शामिल हुए. सभी पत्रकारों ने संगठनात्मक ढांचे, क्लब की कार्य प्रणाली, उद्देश्य और भविष्य की गतिविधियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया.

वरिष्ठ पत्रकार शिरोमणि यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जामताड़ा जिला प्रेस क्लब का गठन पत्रकारों की एकता, उनके अधिकारों की सुरक्षा और पेशेवर प्रोत्साहन के लिए अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि एक मजबूत प्रेस क्लब न केवल पत्रकारिता को नई दिशा देगा, बल्कि जिले की समस्याओं को मजबूती से उठाने में भी सहायक होगा.
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रेस क्लब गठन की रूपरेखा तय कर ली गई है. इसके तहत सदस्यता सत्यापन और आवश्यक दस्तावेजों की तैयारी की जिम्मेदारी एक विशेष समिति को सौंपी गई. समिति 5 दिसंबर तक सभी सदस्यों की बायोडाटा तैयार कर सूची को अंतिम रूप देगी. प्रेस क्लब की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चुनाव की तिथि भी निर्धारित की गई है. निर्णय के अनुसार जामताड़ा जिला प्रेस क्लब का चुनाव 21 दिसंबर को संपन्न होगा. चुनाव की प्रक्रिया और नियमों की विस्तृत जानकारी आगामी बैठक में जारी की जाएगी.
बैठक में मौजूद सभी पत्रकारों ने इसे जिले की पत्रकारिता के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया. इससे पत्रकारों को संगठित होकर कार्य करने, अपनी समस्याओं के समाधान और सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी. बैठक का संचालन अजय कुमार सिंह, अजीत सिंह, देवाशीष भारती और देवेश कुमार सहित पत्रकारों की टीम ने किया. अंत में अध्यक्ष शिरोमणि यादव ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया.

