जामताड़ा/ Manish Baranwal झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर भाजपा समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी रीना कुमारी और वीरेंद्र मंडल पर सरकार को बदनाम करने और जनता को दिगभ्रमित करने का आरोप लगाया.

जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष और बेहतर तरीके से चुनावी प्रक्रिया संचालित कर रहा है, लेकिन विरोधी प्रत्याशी झामुमो की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं.
जिला सचिव परेश चंद्र महतो ने भी प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव कराना पूरी तरह चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, इसमें राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं होती. इसके बावजूद सरकार पर आरोप लगाना गिरते जनाधार का परिणाम है. मौके पर मौजूद झामुमो समर्थित प्रत्याशी चमेली देवी ने कहा कि जीत-हार का फैसला जनता करती है. उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशी पर हार के डर से प्रशासन से उलझने और जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया.
प्रेस वार्ता के दौरान झामुमो समर्थित प्रत्याशी की ओर से चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया गया, जिसमें शहर के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की गई.

