जामताड़ा/ Manish Baranwal झारखंड विधानसभा की आवास समिति के सभापति दशरथ गागराई की अध्यक्षता में जामताड़ा परिसदन सभागार में शनिवार को विकास योजनाओं और सरकारी भवनों की अद्यतन स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. सभापति के आगमन पर उपायुक्त जामताड़ा रवि आनंद, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार और परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया.

बैठक में सभापति ने विभागवार पदाधिकारियों के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि- पशुपालन, कल्याण, गृह एवं कारा, खनन, पथ, ग्रामीण कार्य, भवन, जल संसाधन, पेयजल और स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध, परिवहन, आपूर्ति एवं जिला ग्रामीण विकास शाखा सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने सरकारी भवनों और आवासों की वर्तमान स्थिति, मरम्मत व नवनिर्माण की आवश्यकता, सुरक्षा मानकों का पालन, सौर ऊर्जा आधारित विद्युत सुविधा, पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था पर जानकारी ली.

सभापति ने कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए और बताया कि दो दिवसीय जामताड़ा भ्रमण के अगले दिन क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की भौतिक प्रगति की समीक्षा की जाएगी. बैठक में उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी एवं विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे.

