जामताड़ा/ Manish Baranwal बीते 24 दिसंबर 2025 को जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कायस्तपाड़ा चौक के समीप स्थित बालाजी ज्वेलर्स में हुए गोलीकांड और लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर बरामद करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

घटना के दिन संध्या करीब 06.00 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर ज्वेलरी दुकान में लूटपाट की थी. इस दौरान अपराधियों ने दुकान मालिक अमन वर्मा को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था और बाजार में फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे.
मामले को लेकर जामताड़ा थाना कांड संख्या 137/25, दिनांक 25.12.2025, धारा 309 (6) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया. कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जामताड़ा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला एवं पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में तीन अलग- अलग एसआईटी का गठन किया गया.
एसआईटी टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों की जांच और गुप्त सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई. इसी क्रम में संदिग्ध अपराधी अजीत यादव (26 वर्ष), निवासी पड़रिया, थाना सोनारायठाड़ी, जिला देवघर एवं हसमत अंसारी (22 वर्ष), निवासी जरमुण्डी, थाना पालोजोरी, जिला देवघर को बिना नंबर प्लेट की काले- नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया.
तलाशी के दौरान अजीत यादव के पास से 7.65 एमएम बोर का लोडेड देशी पिस्टल बरामद किया गया. पूछताछ में दोनों ने बालाजी ज्वेलर्स लूट और फायरिंग कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अन्य सहयोगियों के नाम बताए.
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर चंदन कुमार साव (18 वर्ष), निवासी बदिया मोड़, थाना पालोजोरी, जिला देवघर एवं मुकेश यादव (20 वर्ष), निवासी चितरपोंका, थाना मोहनपुर, जिला देवघर को भी गिरफ्तार किया गया. चंदन साव के पास से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की काले रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, लूट के समय पहने गए कपड़े और अन्य सामग्री बरामद की गई.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नामित अपराधियों द्वारा घटना से पूर्व भी लूट की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण वे सफल नहीं हो सके थे. हालांकि इस गोलीकांड में शामिल दो अभियुक्त अनिल सिंह और प्रवीण कुमार यादव फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जामताड़ा पुलिस ने जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का दावा किया है.

