जामताड़ा/ Manish Baranwal जेबीसी प्लस टू जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का विधिवत शुभारंभ प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने दीप प्रज्वलित कर किया.
शिविर में विद्यालय के छात्र- छात्राओं तथा शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

इस दौरान रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्त संग्रह की प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया.
प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान” है और इससे जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है.
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पढ़ाई के साथ- साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाएं और जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ें. उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति समय- समय पर रक्तदान करे तो रक्त की कमी से किसी की जान नहीं जाएगी.
विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया. स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए सकारात्मक कदम बताया.
रक्तदान शिविर के माध्यम से विद्यालय ने संदेश दिया कि शिक्षा के साथ- साथ सामाजिक संवेदनशीलता और मानवता की भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है.

