जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. फिजियो आर्ट वेलफेयर फाउंडेशन और हीलिंग हैंड फिजियोथैरेपी सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 8 मार्च को यह कार्यक्रम आयोजित होंगे. इस संबंध में हीलिंग हैंड फिजियोथैरेपी सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई.

कार्यक्रम के अध्यक्ष अरूप कुमार मित्रा ने बताया कि दिन की शुरुआत सुबह 10 बजे जामताड़ा ब्लड बैंक में मेगा रक्तदान शिविर से होगी. इस शिविर का आयोजन जामताड़ा वॉलंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन और फिजियो आर्ट वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से किया जाएगा.
इसके बाद सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लाइफलाइन मेडिको, जामताड़ा में मेगा हेल्थ कैंप लगाया जाएगा. इस हेल्थ कैंप में दुर्गापुर से आई गायनेकोलॉजिस्ट और जनरल फिजिशियन के साथ पटना से आए ऑस्टियो और न्यूरो फिजियोथैरेपिस्ट मरीजों को निःशुल्क परामर्श देंगे.
वहीं शाम 4 बजे जामताड़ा के शुभ दिन मैरिज हॉल में अंतरराष्ट्रीय महिला हेल्थ कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा. इस सम्मेलन में महिलाओं से जुड़ी प्रमुख स्वास्थ्य समस्याओं जैसे एनीमिया, डायबिटीज, मोटापा, पेल्विक दर्द और रक्तदान के महत्व पर विशेषज्ञों द्वारा चर्चा की जाएगी.
कार्यक्रम के समापन अवसर पर शाम 6 बजे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में सम्मेलन के संरक्षक अजय कुमार चांद, रेनू पात्रा, रुंटी चंद्र, रोमा रानी सरकार, संगीता पाणिकर, देवासी, खुशबू, परितोष मजूमदार, कविता, प्रीति सहित कार्यक्रम के डायरेक्टर और हीलिंग हैंड फिजियोथैरेपी सेंटर के डायरेक्टर डॉ. भास्कर चंद उपस्थित थे.

