जामताड़ा: आसन्न नगरपालिका आम निर्वाचन- 2026 को निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर अंतरराज्यीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया. बैठक पश्चिम बर्द्धमान जिले के चित्तरंजन स्थित सीएलडब्ल्यू भवन सभागार में संपन्न हुई.

बैठक में जामताड़ा जिला और सीमावर्ती पश्चिम बर्द्धमान जिले के थाना प्रभारियों तथा वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया. चुनाव के दौरान आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय और वांछित अपराधियों तथा वारंटियों की सूची का आपसी आदान- प्रदान किया गया. सीमावर्ती क्षेत्रों में मिरर चेकपोस्ट स्थापित करने, चुनाव से 24 घंटे पूर्व झारखंड- पश्चिम बंगाल अंतरराज्यीय सीमा को सील करने और सघन वाहन व व्यक्ति जांच अभियान चलाने पर सहमति बनी.
असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने, अवैध हथियार, शराब और नकदी की तस्करी रोकने तथा दोनों राज्यों की पुलिस के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी विस्तृत चर्चा की गई. पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी सहयोग, सतर्कता और प्रभावी सूचना तंत्र के माध्यम से चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सुनिश्चित करें.
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा, पुलिस निरीक्षक नगर प्रभाग जामताड़ा, जामताड़ा, मिहिजाम, रूपनारायणपुर और चित्तरंजन (फतेहपुर) के थाना प्रभारी, आरपीएफ टाउन प्रभारी सहित पश्चिम बंगाल आरपीएफ और झारखंड पुलिस के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.
