जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां गोविंदपुर- साहिबगंज मुख्य मार्ग पर दो वाहनों की आमने- सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा फतेहपुर थाना से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर हुआ. बताया जा रहा है कि दोनों वाहन आमने- सामने से आ रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार में उनकी टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया.
जानकारी के मुताबिक एक वाहन में एक व्यक्ति सवार था, जबकि दूसरे छोटे वाहन में दो लोग बैठे हुए थे. हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में सवार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत पड़ी. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.

