जामताड़ा/ Manish Baranwal होली त्योहार के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की टीम ने शहर के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का सोमवार को औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में सौरभ स्वीट्स, दत्ता स्वीट्स, मानक चन्द्र दत्ता, बीके स्वीट्स, अन्नपूर्णा स्वीट्स, गुप्ता स्वीट्स भंडार, यदू सेन, अजय स्वीट्स एवं मां चंचला स्वीट्स समेत कई दुकानों की जांच की गई.

सौरभ स्वीट्स में एक्सपायरी डेट का पेय पदार्थ पाया गया. अधिकांश प्रतिष्ठानों में मानक के अनुरूप साफ- सफाई नहीं मिली, जिस पर कड़े निर्देश जारी किए गए. जिन दुकानों में अनुज्ञप्ति या निबंधन नहीं पाया गया, उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए अविलंब लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया.
अजय स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान श्रीकृष्ण गौशाला जामताड़ा द्वारा पैकेजिंग किया गया दूध पाया गया, जिस पर न तो FSSAI नंबर अंकित था और न ही पैकेजिंग डेट या यूज बाय डेट दर्ज थी. संबंधित व्यक्ति से मोबाइल पर संपर्क कर तत्काल पैकेजिंग कार्य बंद करने का निर्देश दिया गया.
निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के साथ अरविंद प्रसाद, निकिता मोदी एवं अमित कुमार भी उपस्थित थे.

