जामताड़ा/ Manish Baranwal सिविल सर्जन डॉ आनंद मोहन सोरेन एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ दिनेश चंद्र मुंशी के सेवानिवृत्ति के अवसर पर बुधवार देर शाम परिसदन सभागार, जामताड़ा में विदाई समारोह आयोजित किया गया. समारोह में उपायुक्त रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

उपायुक्त ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. उन्होंने उनके दीर्घ, अनुकरणीय और समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उपायुक्त ने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ और सुखमय पारिवारिक जीवन की कामना की.
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि दोनों चिकित्सकों ने प्रशासनिक दायित्वों के साथ मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए मरीजों की सेवा की. उनका कार्यकाल प्रेरणादायी रहा है.
इस अवसर पर सिविल सर्जन एवं उपाधीक्षक ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों- कर्मियों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले में सेवा देना उनके लिए गर्व की बात रही है.
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ संजीव कुमार, उत्पाद अधीक्षक, विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दुर्गेश झा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

