जामताड़ा/ Manish Baranwal थाना क्षेत्र के केंबोना गांव स्थित एस ब्रिक्स फैक्ट्री के पास उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. यह कार्रवाई मनोज मंडल के ठिकाने पर की गई, जहां से भारी मात्रा में स्प्रिट और ब्रांडेड शराब बरामद की गई.

छापेमारी के दौरान 1050 लीटर स्प्रिट और 86 लीटर ऑफिसर्स चॉइस शराब जब्त की गई. बरामद ऑफिसर्स चॉइस की बोतलों पर उत्तर प्रदेश का फर्जी स्टिकर लगा हुआ पाया गया, जिससे स्पष्ट है कि अवैध शराब की तस्करी संगठित तरीके से की जा रही थी.
जानकारी के अनुसार मनोज मंडल पूर्व से ही शराब कारोबार से जुड़ा रहा है. विगत लोकसभा चुनाव के दौरान भी उसके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप पकड़ी गई थी. उत्पाद विभाग के कुंदन कौशल ने बताया कि पूरे मामले में विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. अधिकारियों ने कहा कि चुनावी समय में अवैध शराब के कारोबार पर यह कड़ी कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि किसी भी तरह की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा.

