जामताड़ा/ Manish Baranwal थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना के बाद 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका सायरा खातून श्यामपुर की रहने वाली थी. मृतका के भाई रेजाउल अंसारी ने जामताड़ा थाना में आवेदन देकर पति अब्दुल हमीद, देवर मजीद अंसारी, अनवर अंसारी, ससुर कादिर और सास के खिलाफ दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना तथा हत्या का आरोप लगाया है.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 15/26 दर्ज कर पति अब्दुल हमीद और देवर मजीद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपी फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं.
बताया जा रहा है कि सायरा खातून की शादी दो वर्ष पूर्व पंजनीयां निवासी अब्दुल हमीद से हुई थी. शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. कुछ दिन पहले मारपीट कर मायके भेज दिया गया था और पैसे लाने का दबाव बनाया गया था.
परिजनों का आरोप है कि 9 फरवरी को समझौते के बाद और ससुराल पक्ष की मांग पूरी कर सायरा को वापस भेजा गया. इसके बावजूद उसकी हत्या कर दी गई. मृतका का शव पति के घर में संदिग्ध हालत में मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.

