जामताड़ा/ Manish Baranwal दुमका रोड स्थित पाटोदिया धर्मशाला में मंगलवार को जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बैठक आयोजित की गई. वित्तीय वर्ष 2026- 27 के लिए सर्वसम्मति से संजय अग्रवाल को पुनः पांचवीं बार अध्यक्ष चुना गया.

विदित हो कि विगत 15 वर्षों से संजय अग्रवाल चैंबर के सचिव और अध्यक्ष के पद पर रहकर जिले के सभी व्यापारी वर्ग के हित में कार्य करते आ रहे हैं. चैंबर के सभी सम्मानित सदस्यों ने संजय अग्रवाल का निर्विरोध समर्थन किया.
पांचवीं बार नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि जिस विश्वास के साथ व्यापारियों ने उन्हें 2011 से 2017 तक सचिव और 2018 से 2025 तक अध्यक्ष चुना, उसी विश्वास को वे कभी कम नहीं होने देंगे. उन्होंने वादा किया कि हर व्यापारी बंधु के सुख-दुख में बिना भेदभाव के कंधे से कंधा मिलाकर 24X7 खड़े रहेंगे.
संजय अग्रवाल ने कहा कि जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को झारखंड स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया है और आज यह पूरे राज्य में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है. उन्होंने जामताड़ा जिले में उद्योग धंधे की स्थिति सुधारने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पहल करने की मांग की.

