जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले में चल रही विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने कड़ी नाराज़गी जताई है. समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने मनरेगा, अबुआ आवास, जल छाजन, जिला परिषद और पंचायती राज विभागों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की. बैठक में कई योजनाओं की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को फटकार लगाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए.

मनरेगा योजनाओं में लापरवाही पर कार्रवाई
बैठक के दौरान नाला, फतेहपुर और कुंडहित प्रखंडों में मनरेगा कार्यों की स्थिति बेहद खराब पाई गई. उपायुक्त ने तीनों प्रखंडों के बीपीओ को स्पष्टीकरण देने तथा कार्य प्रगति होने तक उनके वेतन से 10 प्रतिशत कटौती करने का आदेश दिया. साथ ही फतेहपुर, करमाटांड़ और नाला के कनीय अभियंताओं का वेतन स्थगित करने और उनसे जवाब मांगे जाने का भी निर्देश दिया गया.
अबुआ आवास योजना में सुस्ती पर चार प्रखंड समन्वयकों पर गिरी गाज
अबुआ आवास योजना में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर उपायुक्त ने जामताड़ा, करमाटांड़, फतेहपुर और नाला प्रखंडों के समन्वयकों का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित करने और उनसे स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर कार्य में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित पदाधिकारियों को कार्यमुक्त किया जाएगा.
पुरानी योजनाओं की समीक्षा और प्राथमिकी की चेतावनी
उपायुक्त ने कहा कि जिले में पुरानी लंबित योजनाओं की पुनः समीक्षा की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी क्षेत्रीय भ्रमण को नियमित करें और निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करें. उपायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निरीक्षण में अनियमितता पाई गई तो संबंधित पदाधिकारी पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
अन्य योजनाओं की समीक्षा भी की गई
बैठक में पीएम आवास योजना, पीएम जनमन, बिरसा सिंचाई योजना और वीर शहीद पोटो हो खेल योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने बिरसा हरित ग्राम योजना में किसानों की पसंद को प्राथमिकता देने की बात कही और पीएम जनमन योजना में कम लाभुक चयन पर असंतोष जताते हुए तत्काल सुधार का निर्देश दिया.
ये रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, बीडीओ, बीपीओ, मनरेगा व पीएम आवास परियोजना पदाधिकारी सहित सभी प्रखंडों के ब्लॉक समन्वयक मौजूद थे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
