जामताड़ा/ Manish Barnwal

जिले के फतेहपुर प्रखंड स्थित डिग्री कॉलेज नाला (फतेहपुर) में सोमवार को विधानसभा स्पीकर एवं नाला विधायक रबीन्द्रनाथ महतो ने सौर ऊर्जा तंत्र और पुस्तकालय का उद्घाटन किया. इस अवसर पर सिदो- कान्हू मुर्मू यूनिवर्सिटी दुमका की कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर कुनुल कांदीर, डीएसडब्ल्यू डॉक्टर ज्ञानेंद्र यादव, फतेहपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रेम कुमार दास सहित कई अन्य अधिकारी और शिक्षक उपस्थित थे.
उद्घाटन समारोह में विधानसभा स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि यह कोई व्यक्तिगत सौगात नहीं है, बल्कि उनके जनप्रतिनिधि होने के नाते यह उनका दायित्व है कि क्षेत्रवासियों की असुविधाओं का निराकरण किया जाए. उन्होंने बताया कि एक समय उनके जमाने में सातवीं पास करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए आगे की पढ़ाई करना चुनौतीपूर्ण होता था, लेकिन अब उनके विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा संस्थानों में कोई कमी नहीं है.

उन्होंने आईटीआई कॉलेज के निर्माण का वायदा करते हुए कहा कि यह शीघ्र ही शुरू किया जाएगा. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमर दास को आश्वस्त करते हुए उन्होंने बताया कि 15 दिनों के भीतर पुस्तकालय के लिए और दो लाख रुपये की पुस्तकें खरीदी जाएंगी. सौर ऊर्जा सिस्टम लगाने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की बिजली की समस्या न आए.
विधानसभा स्पीकर ने यह भी बताया कि गरीब छात्रों के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से 15- 15 लाख रुपए का ऋण उपलब्ध है, जिसका ब्याज बहुत कम है और इसका लाभ छात्र- छात्राएं उठा सकते हैं.
कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर कुनुल कांदीर ने कहा कि समृद्ध पुस्तकालय और सौर ऊर्जा का प्रबंध विस अध्यक्ष ने किया है, जो महाविद्यालय की आवश्यकता थी. यह सुविधा न केवल महाविद्यालय बल्कि विश्वविद्यालय के लिए भी एक उपलब्धि है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तकालय छात्र- छात्राओं के लिए वरदान साबित होगा और पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों का चरित्र भी संवारने में मदद करेगा.
उद्घाटन समारोह में बृजनंदन ठाकुर, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. राजीव रंजन शर्मा, डॉ. संजय कुमार सिन्हा, डॉ. अवइस सत्तार, प्राचार्य डॉ. अमर दास, डॉ. दीनानाथ कुमार, परेश यादव सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे.

