जामताड़ा/ Yogesh Kumar उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में तकनीकी विभागों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. इस दौरान लघु सिंचाई, ग्रामीण कार्य विभाग, भवन प्रमंडल, पथ प्रमंडल, विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता सहित कई विभागों की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई.

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपूर्ण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए और कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने लघु सिंचाई और ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की योजनाओं की जिला स्तरीय जांच कराने का निर्देश दिया, जिसकी रिपोर्ट सीधे उन्हें सौंपी जाएगी.
पथ प्रमंडल की छह योजनाओं में से तीन भूमि अधिग्रहण की समस्या के कारण रुकी हुई हैं. इस पर उपायुक्त ने तत्काल समाधान का निर्देश दिया. वहीं, भवन प्रमंडल को सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने का आदेश दिया गया.
बैठक में कार्यपालक अभियंता की अनुपस्थिति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित विभाग को पत्राचार करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी विभाग अपनी योजनाओं की गति बढ़ाएं और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करें.
बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, प्रभारी निदेशक डीआरडीए विजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. प्रशासन ने संकेत दिया है कि जिले में विकास कार्यों की रफ्तार अब और तेज की जाएगी.

