जामताड़ा/ Manish Baranwal उपायुक्त रवि आनंद ने अपने कार्यालय कक्ष में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन कर आमजनों की समस्याओं को सुना. आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 से अधिक फरियादियों ने अपनी- अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं.


जनता दरबार में ग्रामीणों ने ताराबहाल में उच्च विद्यालय की मांग, मोंथा चक्रवात से हुए फसल नुकसान की भरपाई, सोलर पंप की स्थापना, पीएम आवास की किस्त नहीं मिलने, भू-अर्जन मुआवजा भुगतान, अत्यधिक बिजली बिल, पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, कन्यादान योजना सहित कई मामलों को उठाया.
ताराबहाल से आए ग्रामीणों ने बताया कि गांव में उच्च विद्यालय नहीं होने के कारण छात्र- छात्राओं को पढ़ाई में कठिनाई होती है. इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि विद्यालय को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने की अनुशंसा विभाग को भेजी जाएगी. किसानों ने मोंथा चक्रवात से हुए फसल नुकसान की भरपाई की मांग रखी, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
इसके अलावा JREDA तथा पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर पंप की सामग्री गिराए जाने के महीनों बाद भी स्थापना नहीं होने की शिकायत की गई. इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
एक लाभुक ने बताया कि उन्हें पीएम आवास का पहला किस्त मिल चुका है, लेकिन जियो टैगिंग के बाद भी दूसरी और तीसरी किस्त का भुगतान नहीं हुआ है. उपायुक्त ने मामले की त्वरित जांच कर शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया. भू-अर्जन से जुड़े एक मामले में महिला फरियादी की शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित कर्मी को बुलाकर स्वयं जांच करने और शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया. वहीं अत्यधिक बिजली बिल, पेंशन नहीं मिलने, जन्म प्रमाण पत्र जारी करने, जाति प्रमाण पत्र, ओबीसी सर्टिफिकेट, जन्मतिथि में सुधार और मनरेगा भुगतान से जुड़े मामलों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि हर मंगलवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में अपनी समस्याएं लेकर आएं. जिला प्रशासन द्वारा नियमानुसार सभी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा.

