जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में कड़ाके की ठंड के मद्देनजर बुधवार देर रात उपायुक्त रवि आनंद ने बस स्टैंड, चंचला मंदिर और रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद जरूरतमंदों और असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया.

उपायुक्त ने नगर क्षेत्र के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और विभिन्न चौक-चौराहों, जहां राहगीरों और आम लोगों का अधिक जमावड़ा होता है, ऐसे स्थानों पर अविलंब अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठंड को देखते हुए अलाव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए.

उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशील है और ठंड से बचाव के तहत सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखें. उन्होंने कहा कि राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता दी जाएगी.

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, नगर पंचायत जामताड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

