जामताड़ा/ Manish Barnwal.

पुलिस अधीक्षक जामताड़ा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पलाश के जंगल में छापेमारी कर तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई थाना प्रभारी राजेश मंडल के निर्देश पर पु०नि० अमृत कुमार राम, नितिश कुमार, पु०अ०नि० बिनोद सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम द्वारा की गई.
छापेमारी नारायणपुर थाना अंतर्गत ग्राम बांसपहाड़ी स्थित साहेबगंज- गोविंदपुर हाईवे रोड से उत्तर करीब 500 मीटर नदी किनारे पलाश के जंगल में की गई, जहां आरोपी साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील रजक (उम्र 30 वर्ष), राजेश रंजन रजक (उम्र 33 वर्ष) तथा रवि रजक (उम्र 30 वर्ष), तीनों ग्राम खरकोकुंडी, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है.
आरोपियों के पास से चार फर्जी मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.
इस संबंध में जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या दर्ज कर TELECOMMUNICATIONS ACT 2023 एवं BNS 2023 की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंकों का अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे और क्रेडिट- डेबिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी करने का झांसा देते थे. इसके बाद स्क्रिन शेयरिंग एप डाउनलोड कराकर कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर खातों से रकम उड़ा लेते थे.
पुलिस के अनुसार, आरोपी झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे.
प्राथमिकी अभियुक्त सुनील रजक और राजेश रंजन रजक के खिलाफ पूर्व में भी साइबर अपराध के कई मामले दर्ज हैं, जिनमें वे आरोप पत्रित रह चुके हैं. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, बैंक अधिकारी बनकर की गई बातचीत या स्क्रिन शेयरिंग एप के झांसे में न आएं.

