जामताड़ा/ Manish Baranwal थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. फेसबुक पर हुई दोस्ती एक किराना दुकानदार को भारी पड़ गई और उसे करीब 25 लाख रुपये की चपत लग गई. पीड़ित कृष्णा मंडल, जो देवघर जिला के चितरा थाना क्षेत्र के आसनबनी गांव का निवासी है और वर्तमान में जामताड़ा रोड स्थित कंबाइंड बिल्डिंग में किराना दुकान चलाता है, ने साइबर थाना में लिखित शिकायत दी है. आवेदन में बताया गया है कि फेसबुक फ्रेंड ने खुद को जाइलोक्लाउड कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए क्रिप्टो करेंसी में निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया.

शुरुआत में 8 हजार रुपये निवेश करने पर अगले ही दिन 24 हजार रुपये लौटाए गए. करीब दस दिनों तक छोटे निवेश पर अच्छा रिटर्न देकर विश्वास जीता गया. इसके बाद बड़े मुनाफे का लालच देकर लगातार निवेश का दबाव बनाया गया. भरोसे में आकर दुकानदार ने परिवार और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर लगभग 25 लाख रुपये बैंक और यूपीआई के माध्यम से रांची के यश बैंक, रातू रोड शाखा के खाते में जमा कर दिए.
बड़ी रकम जमा होने के बाद न तो कोई रिटर्न मिला और न ही मूलधन वापस हुआ. अब आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के निवेश प्रस्तावों से सावधान रहने की अपील की है.

