जामताड़ा: जिले के साइबर थाना पुलिस ने एक घर में रेड कर 25 लाख 20 हजार रुपए के साथ दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. एसपी राजकुमार मेहता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों का नाम प्रदीप मंडल और रघुवीर मंडल है, जो कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.

एपिक फाइल भेजकर करते थे साइबर क्राइम
एसपी ने बताया कि ये लोग एपिक फाइल भेजकर लोगों का पैसा साइबर क्राइम कर उड़ाते थे. इसके अलावा अन्य साइबर अपराधियों द्वारा साइबर ठगी से जमा पैसे को अपने खाते में मांगते थे और फिर उसे निकालकर बांटते थे. पुलिस ने इन लोगों के पास से 25 लाख 20 हजार रुपए के अलावा 10 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, पांच एटीएम, एक लैपटॉप और एक कार बरामद किया है.
सिंडिकेट का पता लगाने के लिए छापेमारी
एसपी ने कहा कि इन लोगों के सिंडिकेट का भी पता चल गया है और उन सभी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

