जामताड़ा: APK फाइल के जरिए बैंक खातों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने छापेमारी कर तीन साइबर ठगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर- माधोपुर स्थित विष्णु राय के घर छापेमारी की गई. इस दौरान तीनों आरोपी साइबर ठगी करते पकड़े गए.
गिरफ्तार आरोपियों में भोला मंडल, विष्णु राय और सरफराज अंसारी शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से छह फर्जी मोबाइल और सात सिम कार्ड बरामद किए हैं.
इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 07/26 दिनांक 06.02.2026 के तहत धारा 111(1)(i), 317(2), 318(4), 319(2), 3(5) बीएनएस 2023, 66(B)(C)(D) आईटी एक्ट तथा 42(3)(e) टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी व्हाट्सएप नंबर पर RTO E-Challan के नाम से APK फाइल इंस्टॉल करने का मैसेज भेजते थे. जैसे ही कोई व्यक्ति फाइल डाउनलोड करता था, उसकी गोपनीय जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट के माध्यम से बैंक खाते से रकम उड़ा ली जाती थी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर थाना को दें.
