जामताड़ा/ Yogesh Kumar पुलिस ने गुरुवार को साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साईबर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. टीम में पुनि. नितिश कुमार, पुनि. वैभव सिंह, पुअनि. हीरालाल महतो, बिनोद सिंह समेत अन्य जवान शामिल थे.

छापेमारी जामताड़ा थाना क्षेत्र के शहरपुरा गांव के पश्चिम स्थित पलाश के झाड़ मैदान में की गई, जहाँ से दो साइबर अपराधियों को रंगे हाथों पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद रियाज अंसारी (25), निवासी ताराबहाल थाना करमाटांड़, और जाकिर अंसारी (23), निवासी चिरूडीह थाना नारायणपुर के रूप में हुई है.
पुलिस ने इनके पास से 5 मोबाइल फोन और 5 सिम कार्ड बरामद किए हैं. दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 70/25, दिनांक 27.11.2025 के तहत B.N.S 2023, आईटी एक्ट और टेलीकॉम्युनिकेशन एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
*ठगी का तरीका*
(1) आरोपी YONO ऐप सक्रिय करने के नाम पर लोगों को कॉल करते थे. व्हाट्सएप या स्क्रीन-शेयरिंग ऐप के जरिये स्क्रीन शेयर कराकर यूजर-आईडी, पासवर्ड और OTP हासिल कर लेते थे और फिर नेट बैंकिंग के माध्यम से पीड़ितों के खाते से पैसे उड़ा लेते थे.
(2) ‘Comparify’ ऐप का उपयोग कर PhonePe में 1,099 रुपये कैशबैक का फर्जी संदेश भेजते थे. ग्राहक के ‘Accept’ करते ही पैसे उनके एप में ट्रांसफर हो जाते थे. इसके बाद वे गिफ्ट कार्ड खरीदकर कमीशन पर बेच देते थे.
मुख्य आरोपी रियाज अंसारी पहले भी वर्ष 2018 के साइबर थाना कांड संख्या 47/18 में आरोपित रह चुका है. पुलिस के अनुसार इनका नेटवर्क बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है.

