जामताड़ा/ Manish Barnwal

पुलिस ने साइबर ठगी के चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक जामताड़ा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक- सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में साइबर अपराध थाना टीम ने करमाटाङ थाना अंतर्गत जामताड़ा- करमाटांड मुख्य मार्ग पर सख्त छापामारी अभियान चलाया.
इस कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्त अफजल असारी (30 वर्ष), मो. सहाबुद्दीन अंसारी उर्फ बुदीन (29 वर्ष) ग्राम कालाझरिया, लालु मंडल (44 वर्ष) ग्राम सामुपोखर और गोविन्द राणा (40 वर्ष) ग्राम पाकडीह थे. इनके कब्जे से सात फर्जी मोबाइल, दस सिमकार्ड, दो आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया गया.
जांच में पता चला कि ये साइबर ठग Magicpin एप के माध्यम से Phonpe में 1,999 रुपये का कैशबैक मैसेज भेजकर लोगों को धोखा देते थे. जब कोई ग्राहक इसे Accept करता था, तो उनका पैसा Magicpin एप में ट्रांसफर हो जाता था. इसके बाद ठग उस पैसे से गिफ्ट कार्ड खरीदते और उन्हें कमीशन पर बेचकर ठगी को अंजाम देते थे.
अफजल असारी पर पूर्व में भी जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड दर्ज है (कांड संख्या 75/24, दिनांक 13.12.2024) और अब चारों आरोपियों के खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 03/26, दिनांक 14.01.2026 के अंतर्गत IPC एवं IT एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, इन ठगों ने मुख्य रूप से झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के लोगों को अपना शिकार बनाया था. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है, और पुलिस पूरी गहनता से मामले की जांच कर रही है.

