जामताड़ा/ Manish Barnwal पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस अधीक्षक जामताड़ा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए एक साइबर ठग को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई साइबर अपराध थाना जामताड़ा के थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में की गई.

पुलिस टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक रोड स्थित मोहल्ला कृष्णनकुंज में छापामारी कर साइबर ठगी करते हुए बासुदेव दास, उम्र लगभग 33 वर्ष, को उसके घर से गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी का स्थायी पता ग्राम सुगापहाड़ी, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा बताया गया है. छापामारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से साइबर ठगी में प्रयुक्त बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है.
बरामद सामानों में दस फर्जी मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड, पंद्रह एटीएम कार्ड, दस चेकबुक, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और एक वोटर कार्ड शामिल हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी स्वयं को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करता था. वह एक्सिस बैंक सहित अन्य बैंकों का केवाईसी अपडेट या रिन्यूअल कराने के नाम पर लोगों को झांसे में लेता था. इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करवा कर उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देता था.
आरोपी द्वारा झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल सहित अन्य हिंदी भाषी राज्यों के लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया था. इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 73/25, दिनांक 13.12.2025 के तहत आरोपी के विरुद्ध बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने गिरफ्तार साइबर ठग को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है.
पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल या लिंक के झांसे में न आएं और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
