जामताड़ा/ Manish Baranwal साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर थाना टीम ने जामताड़ा जिले के मिहिजाम से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

जानकारी के अनुसार आसनसोल साइबर थाना के सब-इंस्पेक्टर आलोक मजूमदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मिहिजाम थाना क्षेत्र के काली तल्ला निवासी अजय कुमार साव को गिरफ्तार किया. अजय कुमार साव सेंट्रल बैंक शाखा के पास स्थित ओम म्यूजिक टेलिकॉम का संचालक बताया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक अजय कुमार साव और उसके गिरोह के खिलाफ साइबर ठगी से जुड़े मामले में कांड संख्या 2/26, दिनांक 3 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया था. इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 318(4), 319(2), 338, 303, 61(2) और 340(2) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं.
फिलहाल पुलिस आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अपने साथ आसनसोल ले गई है.

