जामताड़ा/ Manish Baranwal सोशल वेलफेयर एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन, कायस्थपाड़ा के तत्वावधान में प्रख्यात बंगला नाटक “ज्वलंत चिता” का सशक्त और हृदयस्पर्शी मंचन किया गया. आयोजन सेंट एंथोनी विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ.

प्रसिद्ध नाटककार महादेव हालदार द्वारा रचित इस नाटक का निर्देशन शंभुपद दास ने किया. आयोजन को सफल बनाने में शुभाशीष दास, संजय दत्ता, परितोष दत्ता सहित कायस्थपाड़ा क्लब के सदस्यों की अहम भूमिका रही.
गौतम मिश्रा, तपन दत्ता, बापी नाग, उज्जवल टूरी, अरूप कुमार मित्र, डॉ. चंचल भंडारी, चंदन भंडारी, मिलन दत्ता, समीर कुमार दत्ता, उरेश दास, परितोष भंडारी और लाल्टू दत्ता ने अपने प्रभावशाली अभिनय और संवाद प्रस्तुति से दर्शकों को भावुक कर दिया. मंच अनुशासन और कथानक की गंभीरता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया.
नाटक का मूल उद्देश्य बांग्ला समाज, भाषा और संस्कृति की रक्षा एवं संवर्धन का संदेश देना रहा. प्रस्तुति में यह दर्शाया गया कि भाषा और संस्कृति केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि पीढ़ियों की पहचान और आत्मसम्मान हैं. शिक्षा प्राप्त करने के बाद छोटे भाई द्वारा बड़े भाई को घर से निकालने का दृश्य टूटते पारिवारिक मूल्यों की करुण सच्चाई को उजागर करता है.
कार्यक्रम के उद्घोषक के रूप में डॉ. दुर्गादास भंडारी का सहयोग उल्लेखनीय रहा. पूरे मंचन के दौरान दर्शकों की गूंजती तालियों ने नाटक की सफलता की पुष्टि की. अंत में आयोजकों ने कलाकारों और उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया. यह नाट्य संध्या क्षेत्र में बांग्ला भाषा और संस्कृति संरक्षण के प्रति एक प्रेरक प्रयास के रूप में याद की जाएगी.

