जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक से पिस्तौल दिखाकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है. जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4 बजे पिपरासोल निवासी सीएसपी संचालक नारायण पंडित, कुरवा स्टेट बैंक से लेन-देन का कार्य निपटाकर अपने सीएसपी केंद्र लौट रहे थे.
इसी दौरान कुरवा श्मशान घाट के पास पहले से घात लगाए तीन नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और पिस्तौल की नोक पर 20 हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन लूट लिया.

लूट की वारदात के बाद तीनों अपराधी मौके से भागने लगे.
तभी आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया. खुद को घिरता देख अपराधियों ने ग्रामीणों को डराने के उद्देश्य से पिस्तौल से फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना के सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार भोक्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है.
वहीं बगल के एक गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीनों नकाबपोश अपराधियों को भागते हुए देखा गया है.
पीड़ित सीएसपी संचालक नारायण पंडित ने करमाटांड़ थाना में लिखित आवेदन दिया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

