जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के बगडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया जंगल के पास स्थित एक कुएं से बरामद तीन सड़ी- गली लाशों के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने तीनों शवों की पहचान कर ली है.


जानकारी के अनुसार मृतकों में पिता लखन मुर्मू, बेटा सुरेश मुर्मू और बेटी बुन्नी मुर्मू शामिल हैं. इस घटना की जानकारी सामने आते ही पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बन गया है. बताया जा रहा है कि तीनों लोग वीरभूम जिला, पश्चिम बंगाल के कैराबनी राजगंज के रहने वाले थे. करीब एक सप्ताह पहले दातुन तोड़ने के लिए वे लोग जामताड़ा के मोडाबहिंगा इलाके में आए थे.
स्थानीय लोगों के अनुसार यह परिवार कुछ साल पहले मुड़ाबेड़िया गांव में ही रहता था, इसलिए उन्हें इलाके की अच्छी जानकारी थी. हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तीनों की मौत कैसे हुई. पुलिस इस मामले को हत्या, हादसा या अन्य किसी वजह से हुई मौत के एंगल से जांच कर रही है. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा और रहस्य का विषय बना हुआ है.

