जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सीताकाटा पंचायत में योजना निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी चोनाराम हेंब्रम के साथ हाथापाई का मामला सामने आया है. घटना गुरुवार दोपहर की है, जब सीओ सह बीडीओ चोनाराम हेंब्रम एवं कनीय अभियंता जमील अंसारी आंगनबाड़ी केंद्र सीताकाटा-1 में 15वें वित्त आयोग अंतर्गत पेयजलापूर्ति योजना निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे.

आरोप है कि आंगनबाड़ी सेविका भारती देवी के पति वासुदेव मंडल ने निरीक्षण के दौरान अभद्र व्यवहार करते हुए सीओ के साथ हाथापाई की. साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया. बाद में सीओ द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 12/26 दर्ज किया गया. मामला बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा एससी- एसटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया.
थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी के नेतृत्व में छापेमारी कर आरोपी वासुदेव मंडल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया. उसे न्यायिक हिरासत में जामताड़ा भेज दिया गया है.

