जामताड़ा/ Manish Barnwal राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (CMSOE) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. इन विद्यालयों को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है.

इस वर्ष नामांकन केवल कक्षा छह में किया जाएगा. बालवाटिका और कक्षा एक में नामांकन नहीं लिया जाएगा. कक्षा छह के लिए कुल 80 रिक्तियां निर्धारित की गई हैं.
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा के साथ अत्याधुनिक आधारभूत संरचना की सुविधा प्रदान की जाती है. विद्यालयों में विज्ञान, आईटी एवं भाषा प्रयोगशाला, डिजिटल स्मार्ट क्लास, आधुनिक पुस्तकालय, खेलकूद एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था है. साथ ही प्रशिक्षित एवं अनुभवी शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन दिया जाता है.
नामांकन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी रखी गई है. इच्छुक अभिभावक ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://evidyavahini.jharkhand.gov.in/soeAdmission पर किया जा सकता है.
शिक्षा विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है. विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें.
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों का उद्देश्य राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक, गुणवत्तापूर्ण एवं राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराना है. शिक्षा के क्षेत्र में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

