जामताड़ा/ Manish Baranwal आगामी ईद- उल- फितर, सरहुल और रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित केंद्रीय शांति समिति की बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने स्पष्ट संदेश दिया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.


उपायुक्त रवि आनंद ने सभी से अपील की कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए.
बैठक के दौरान रामनवमी जुलूस, अखाड़ों के रूट, समय सारणी और लाइसेंसी व गैर-लाइसेंसी अखाड़ों के सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. साथ ही ईदगाह, जाहेरथान और अन्य प्रमुख स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर लगातार निगरानी रखी जाएगी. किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट पर तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि जिले के संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना सत्यापन के किसी भी पोस्ट को शेयर न करें, अन्यथा संबंधित व्यक्ति और ग्रुप एडमिन पर भी कार्रवाई हो सकती है.
इसके अलावा जुलूसों की वीडियोग्राफी और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी. यातायात, बिजली, स्वास्थ्य और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं. जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा.

