जामताड़ा/ Manish Baranwal छत्तीसगढ़ के डलिराजहरा में 30 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित फर्स्ट ओपन नेशनल मेंस/वुमेन्स बॉडी बिल्डिंग एंड मेंस बेस्ट फिजिक 2026 प्रतियोगिता में जामताड़ा के तपन हरि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया.

आयरन बॉडी बिल्डिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. 70 किलोग्राम भार वर्ग में जामताड़ा जिला अंतर्गत मिहिजाम हरि पाड़ा निवासी तपन हरि ने सभी प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता और जिले का नाम रोशन किया.
तपन हरि ने अपनी सफलता का श्रेय ओल्ड चेक पोस्ट स्थित ड्यू फिटनेस जिम के प्रशिक्षक देबाजित सिंह को दिया. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया गया.
उन्होंने अपनी तैयारी के बारे में बताया कि वे प्रतिदिन दस उबले अंडे, सब्जियों का सलाद तथा हर दो घंटे में 200 ग्राम उबला चिकन और 100 ग्राम उबली मछली के साथ हरी सब्जियां लेते हैं. उनके भोजन में मसालों का प्रयोग नहीं होता और नमक भी केवल नाम मात्र का पिंक साल्ट के रूप में लिया जाता है. प्रतियोगिता से सात दिन पहले वे स्नान और नमक का प्रयोग पूरी तरह बंद कर देते हैं ताकि शरीर की परिभाषा बेहतर दिख सके.
वर्तमान में तपन हरि बॉडी बिल्डिंग का प्रशिक्षण देने के साथ- साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित भी करते हैं. उनकी इस उपलब्धि से जामताड़ा और मिहिजाम क्षेत्र में खुशी का माहौल है.

